फ़ॉलोअर

muktak लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
muktak लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 12 मई 2014

muktak salila: dil -sanjiv

मुक्तक सलिला:
दिल ही दिल
संजीव
*
तुम्हें देखा, तुम्हें चाहा, दिया दिल हो गया बेदिल
कहो चाहूँगा अब कैसे, न होगा पास में जब दिल??
तुम्हें दिलवर कहूँ, तुम दिलरुबा, तुम दिलनशीं भी हो
सनम इंकार मत करना, मिले परचेज का जब बिल
*
न देना दिल, न लेना दिल, न दिलकी डील ही करना
न तोड़ोगे, न टूटेगा, नहीँ कुछ फ़ील ही करना
अभी फर्स्टहैंड है प्यारे, तुम  सैकेंडहैंड मत करना
न दरवाज़ा खुल रख्नना, न कोई दे सके धऱना
*
न दिल बैठा, न दिल टूटा, न दहला दिल, कहूँ सच सुन
न पूछो कैसे दिल बहला?, न बोलूँ सच , न झूठा सुन,
रहे दिलमें  अगर दिलकी, तो दर्दे-दिल नहीं होगा
कहो संगदिल भले ही तुम, ये दिल कातिल नहीँ होगा
*
लगाना दिल न चाहा, दिल लगा कब? कौन बतलाये??
सुनी दिल की, कही दिल से, न दिल तक बात जा पाये।
ये दिल भाया है जिसको, उसपे  क्यों ये दिल नहीं आया?
ये दिल आया है जिस पे, हाय! उसको दिल नहीं भाया।
***

शनिवार, 3 मई 2014

muktak salila: sanjiv

मुक्तक सलिला :
संजीव
*
मन सागर, मन सलिला भी है, नमन अंजुमन विहँस कहें
प्रश्न करे यह उत्तर भी दे, मन की मन में रखेँ-कहें?
शमन दमन का कर महकाएँ चमन, गमन हो शंका का-
बेमन से कुछ काम न करिए, अमन-चमन में 'सलिल' रहे
*
तेरी निंदिया सुख की निंदिया, मेरी निंदिया करवट-करवट”
मेरा टीका चौखट-चौखट, तेरी बिंदिया पनघट-पनघट
तेरी आसें-मेरी श्वासें, साथ मिलें रच बृज की रासें-
तेरी चितवन मेरी धड़कन, हैं हम दोनों सलवट-सलवट
*
बोरे में पैसे ले जाएँ, संब्जी लायें मुट्ठी में
मोबाइल से वक़्त कहाँ है, जो रुचि ले युग चिट्ठी में
कुट्टी करते घूम रहे हैं सभी सियासत के मारे-
चले गये दिन रहे खेलते जब हम संगा मिट्ठी में
*
नहीं जेब में बचीं छदाम, खास दिखें पर हम हैँ आम
कोई तो कविता सुनकर, तनिक दाद दे करे सलाम
खोज रहीं तन्मय नज़रें, कहाँ वक़्त का मारा है?
जिसकी गर्दन पकड़ें हम फ़िर चुकवाएँ बिल बेदाम
*

गुरुवार, 17 अप्रैल 2014

chitr par kavita -sanjiv

​चित्र पर कविता
संजीव
*


भगा साथियों को दिया, किन्तु न भागा आप
मधुर-मधुर मुस्कान से, हर मैया का ताप
कान खिंचा मुस्का रहा, ब्रिज का माखनचोर
मैया भूली डाँटना, होकर भाव विभोर
*
अग्निहोत्र नभ ने किया, साक्षी देते मेघ
मिलीं लालिमा-कालिमा, गले भूलकर भेद
आया आम चुनाव क्या?, केर-बेर का संग
नित नव गठबंधन करे, खिले नये गुल-रंग
*
फेरे सात लगा लिये, कदम-कदम रख साथ
कर आये मतदान भी, लिए हाथ में हाथ
करते हैं संकल्प यह, जब भी हों मतभेद
साथ बैठ सुलझाएँगे, 'सलिल' न हो मनभेद
*



मुस्कुराती रहो, खिलखिलाती रहो,
पंछियों की तरह गीत गाती रहो
जो तुम्हें भा रहा, है दुआ यह मेरी-
तुम भी उसको सदा खूब भाती रहो
*
facebook: sahiyta salila / sanjiv verma 'salil'

chitra par kavita -sanjiv

चित्र पर कविता:
संजीव
*

श्वास तुला है आस दण्डिका, दोनों पल्लों पर हैं श्याम
जड़ में वही समाये हैं जो खुद चैतन्य परम अभिराम
कंकर कंकर में शंकर वे, वे ही कण-कण में भगवान-
नयन मूँद, कर जोड़ कर 'सलिल', आत्मलीन हो नम्र प्रणाम
*

व्यथा--कथा यह है विचित्र हरि!, नहीं कथा सुन-समझ सके
इसीलिए तो नेता-अफसर सेठ-आमजन भटक रहे
स्वयं संतगण भी माया से मुक्त नहीं, कलिकाल-प्रभाव-
प्रभु से नहीं कहें तो कहिये व्यथा ह्रदय की कहाँ कहें?
*

सूर्य छेडता उषा को हुई लाल बेहाल
क्रोधित भैया मेघ ने दंड दिया तत्काल
वसुधा माँ ने बताया पलटा चिर अनुराग-
गगन पिता ने छुड़ाया आ न जाए भूचाल
*


सेतु दूरियों को मिटा, जोड़ किनारे मौन
जोड़-जोड़ दिल टूटते, कहिए जोड़े कौन?
*


वन काटे, पर्वत मिटा, भोग रहे अभिशाप
उफ़न-सूख नदिया कहे, बंद करो यह पाप
रूठे प्रभु केदार तो मनुज हुआ बेज़ार-
सुधर न पाया तो असह्य, होगा भू का ताप
*

मोहन हो गोपाल भी, हे जसुदा के लाल!
तुम्हीं वेणुधर श्याम हो, बाल तुम्हीं जगपाल
कमलनयन श्यामलवदन, माखनचोर मुरार-
गिरिधर हो रणछोड़ भी, कृष्ण कान्ह इन्द्रारि।
*

हममें प्रभु का वास है, भूल रहे क्यों काट?
याद रखो हो रही है, खड़ी तुम्हारी खाट
वृक्ष बिना दे ओषजन, कौन तुम्हें बिन दाम?
मिटा वंश, है शाप यह, वंशज आये न काम
मुझ जैसे तुम अकेले, पा न सकोगे चैन
छाँह न बाकी रहेगी, रोओगे दिन-रैन
*

बुधवार, 5 मार्च 2014

muktak salila: -sanjiv

मुक्तक
संजीव
*
नया हो या पुराना कुछ सुहाना ढूँढता हूँ मैं
कहीं भी हो ख़ुशी का ही खज़ाना ढूँढता हूँ मैं
निगाहों को न भटकाओ कहा था शिष्य से गुरुने-
मिलाऊँ जिससे हँस नज़रें निशाना ढूँढता हूँ मैं
*
चुना जबसे गया मौके भुनाना सीखता हूँ मैं
देखकर आईना खुद पर हमेशा रीझता हूँ मैं
ये संसद है अखाडा चाहो तो मण्डी इसे मानो-
गले मिलता कभी मैं, कभी लड़ खम ठोंकता हूँ मैं
*
खड़ा मैदान में मारा शतक या शून्य पर आउट
पकड़ लूँ कठिन, छोड़ूँ सरल यारों कैच हो शाउट
तेजकर गेंद घपलों की, घोटालों की करी गुगली
ये  नूरा कुश्ती है प्यारे न नोटों से नज़र फिसली
*

सोमवार, 27 जनवरी 2014

muktak: sanjiv

Sanjiv Verma 'salil'  
*
मुक्तक:
अंधेरों को चीरकर तुमकोउजाला मिलेगा 
सत्य-शिव-सुंदर वरो, मन में शिवाला मिलेगा 
सूर्य सी मेहनत करो बिन दाम सुबहो-शाम तुम-
तभी तो अमरत्व का तुमको निवाला मिलेगा 

andheron ko cheerkar nikalo uajala milega / 
satya shiv sundar varo man men shivala milega / 
surya si mehnat karo bin daam subho-shaam tum
tabhee amaratva ka tumako nivala milega.
*
बिटिया बोले तो बचपन को याद करो 
जब चुप तो खुद से ही संवाद करो
जब नाचे तो झूम उठो आनंद मना 
कभी न रोए प्रभु से यह फरियाद करो 

bitiya bole to bachpan ko yad karo / 
jab chup ho to khud se hee samvad karo / 
jab nache to jhoom utho anand mana / 
kabhee n roye prabhu se yah fariyaad karo.
*
नये हाथों को सहारा दें सदा
शुक्रिया मिलकर खुदा का हो अदा
नईं राहों पर चलें जो पग नये
मंज़िलें होंगी 'सलिल' उन पर फ़िदा

naye hathon ko sahara den sda/
shukriya milkar khuda ka ho ada/
nyi rahon par chale jo pag nye/
manzilen hongi 'salil' un par fida

*
salil.sanjiv@gmail.com / divyanarmada.blogspot.in

शनिवार, 18 जनवरी 2014

muktak: bharat -sanjiv

मुक्तक:
भारत
संजीव 'सलिल'
*
तम हरकर प्रकाश पा-देने में जो रत है.
दंडित उद्दंडों को कर, सज्जन हित नत है..
सत-शिव सुंदर, सत-चित आनंद जीवन दर्शन-
जिसका जग में देश वही अपना भारत है..
*
भारत को भाता है, जीवन का पथ सच्चा.
नहीं सुहाता देना-पाना धोखा-गच्चा..
धीर-वीर गंभीर रहे आदर्श हमारे-
पाक नासमझ समझ रहा है नाहक कच्चा..
*
भारत नहीं झुका है, भारत नहीं झुकेगा.
भारत नहीं रुका है, भारत नहीं रुकेगा..
हम-आप मेहनती हों, हम-आप नेक हों तो-
भारत नहीं चुका है, भारत नहीं चुकेगा..
*
हम भारती के बेटे, सौभाग्य हमारा है.
गिरकर उठे तोमाँने हँस-हँसकर दुलारा है..
किस्मत की कैद हमको किंचित नहीं गवारा-
अवसर ने द्वार पर आ हमको ही पुकारा है..
*
हमने जग को दिखलाया कंकर में शंकर.
मानवता के शत्रु हेतु हम हैं प्रलयंकर..
पीड़ित, दीन, दुखी मानवता के हैं रक्षक-
सज्जन संत जनों को हम ही हैं अभ्यंकर..
******

सोमवार, 13 जनवरी 2014

MUKTAK: SWATANTRATA DIVAS -SANJIV

मुक्तक
संजीव
*

शहादतों को भूलकर सियासतों को जी रहे 
पड़ोसियों से पिट रहे हैं और होंठ सी रहे
कुर्सियों से प्यार है, न खुद पे ऐतबार है-
नशा निषेध इस तरह कि मैकदे में पी रहे
*
जो सच कहा तो घेर-घेर कर रहे हैं वार वो
हद है ढोंग नफरतों को कह रहे हैं प्यार वो
सरहदों पे सर कटे हैं, संसदों में बैठकर-
एक-दूसरे को कोस, हो रहे निसार वो
*
मुफ़्त भीख लीजिए, न रोजगार माँगिए
कामचोरी सीख, ख्वाब अलगनी पे टाँगिए
फर्ज़ भूल, सिर्फ हक की बात याद कीजिए-
आ रहे चुनाव देख, नींद में भी जागिए
*
और का सही गलत है, अपना झूठ सत्य है
दंभ-द्वेष-दर्प साध, कह रहे सुकृत्य है
शब्द है निशब्द देख भेद कथ्य-कर्म का-
वार वीर पर अनेक कायरों का कृत्य है
*
प्रमाणपत्र गैर दे: योग्य या अयोग्य हम?
गर्व इसलिए कि गैर भोगता, सुभोग्य हम
जो न हाँ में हाँ कहे, लांछनों से लाद दें -
शिष्ट तज, अशिष्ट चाह, लाइलाज रोग्य हम
*
गंद घोल गंग में तन के मुस्कुराइए
अनीति करें स्वयं दोष प्रकृति पर लगाइए
जंगलों के, पर्वतों के नाश को विकास मान-
सन्निकट विनाश आप जान-बूझ लाइए
*
स्वतंत्रता है, आँख मूँद संयमों को छोड़ दें
नियम बनायें और खुद नियम झिंझोड़-तोड़ दें
लोक-मत ही लोकतंत्र में अमान्य हो गया-
सियासतों से बूँद-बूँद सत्य की निचोड़ दें
*
हर जिला प्रदेश हो, राग यह अलापिए
भाई-भाई से भिड़े, पद पे जा विराजिए
जो स्वदेशी नष्ट हो, जो विदेशी फल सके-
आम राय तज, अमेरिका का मुँह निहारिए
*
धर्महीनता की राह, अल्पसंख्यकों की चाह
अयोग्य को वरीयता, योग्य करे आत्म-दाह
आँख मूँद, तुला थाम, न्याय तौल बाँटिए-
बहुमतों को मिल सके नहीं कहीं तनिक पनाह
*
नाम लोकतंत्र, काम लोभतंत्र कर रहा
तंत्र गला घोंट लोक का विहँस-मचल रहा
प्रजातंत्र की प्रजा है पीठ, तंत्र है छुरा-
राम हो हराम, तज विराम दाल दल रहा
*
तंत्र थाम गन न गण की बात तनिक मानता
स्वर विरोध का उठे तो लाठियां है भांजता
राजनीति दलदली जमीन कीचड़ी मलिन-
लोक जन प्रजा नहीं दलों का हित ही साधता
*
धरें न चादरों को ज्यों का त्यों करेंगे साफ़ अब
बहुत करी विसंगति करें न और माफ़ अब
दल नहीं, सुपात्र ही चुनाव लड़ सकें अगर-
पाक-साफ़ हो सके सियासती हिसाब तब
*
लाभ कोई ना मिले तो स्वार्थ भाग जाएगा
देश-प्रेम भाव लुप्त-सुप्त जाग जाएगा
देस-भेस एक आम आदमी सा तंत्र का-
हो तो नागरिक न सिर्फ तालियाँ बजाएगा
*
धर्महीनता न साध्य, धर्म हर समान हो
समान अवसरों के संग, योग्यता का मान हो
तोडिये न वाद्य को, बेसुरा न गाइए-
नाद ताल रागिनी सुछंद ललित गान हो
*
शहीद जो हुए उन्हें सलाम, देश हो प्रथम
तंत्र इस तरह चले की नयन कोई हो न नम
सर्वदली-राष्ट्रीय हो अगर सरकार अब
सुनहरा हो भोर, तब ही मिट सके तमाम तम
=============================

शुक्रवार, 10 जनवरी 2014

MUKTAK SALILA: SANJIV

मुक्तक सलिला :
संजीव
*
मन रोता है सचमुच लेकिन, फिर भी हँसना पड़ता है

रो न सके जो ऐसे मन में, सत्य कहें तो जड़ता है
सुमन सुरभि सौगात लुटाता, 'सलिल' बुझाता प्यास सदा -
फर्क न पड़ता खुश हो कोई, या बेबात बिगड़ता है 
*
अपनी राह चला चल साथी, अनदेखी कर बाधा की  
श्याम काम निष्काम करें, सुधि कब बिसराएँ राधा की 
बृज वृन्दावन इन्द्रप्रस्थ द्वारका सभी हैं एक समान-
मिले प्रशंसा या हो निंदा, अनदेखी हर व्याधा की 
*
सारमेय मिल शोर करें तो, गज ने कब निज पग रोके 
मंजिल मिले उन्हें जो चलते, चाहे जग कितना टोके 
अपनी-अपनी समझ, न करना फ़िक्र चला चल सतत 'सलिल' 
 वर्षा, धूप, अँधेरा, तूफां रोके, मत रुक बढ़ हारें झोंके
* 
मर्यादा का हनन करें जो, उन्हें न अब नेतृत्व मिले 
ठुकरा दें अपराधी नेता, अब सच्चा नेतृत्व मिले 
दल मिल संगामित्ती खेलें, ठेंगा इनको दिखला दो-
जन प्रतिनिधि हो जनगण जैसा, कोई न सुविधा अन्य मिले 
*
नूरा कुश्ती से ठगते हैं,नेता सच को पहचानो 
सगा नहीं जनता का, कोई  दल इस सच को जानो 
अफसरशाही स्वार्थ साधती, धनपति देता है रिश्वत- 
रहबर जिनको समझा हमने, रहजन हैं यह सच मानो
*

सोमवार, 30 दिसंबर 2013

muktak -salil

मुक्तक :
संजीव 'सलिल'
*
भारत नहीं झुका है, भारत नहीं झुकेगा
भारत नहीं चुका है, भारत नहीं चुकेगा
हम-आप मेहनती हों, ईमानदार हों तो-
भारत नहीं रुका है, भारत नहीं रुकेगा
*
आँसू पोंछे किसी आँख का मिलकर हम इस साल
श्रम-सीकर से रहे सुसज्जित सखे हमारा भाल
सघन तिमिर में दीप वर्तिका सदृश जल सकें मौन-
'सलिल' न व्यर्थ बजायें नेता जा संसद में गाल
*
पानी-पानी हो रहे बिन पानी तालाब
पानी खोकर आँख का मनुज हुआ बेआब
राजनीति के खेल में उल्टी चलते चाल-
कांटें सीने से लगा कुचले फूल गुलाब
***


बुधवार, 11 दिसंबर 2013

muktak: GAHOI -sanjiv

​
मुक्तक :
गहोई
कहो पर उपकार की क्या फसल बोई?
मलिनता क्या ज़िंदगी से तनिक धोई?
सत्य-शिव-सुन्दर 'सलिल' क्या तनिक पाया-
गहो ईश्वर की कृपा तब हो गहोई।।
*
​कहो किसका कब सदा होता है कोई?

कहो किसने कमाई अपनी न खोई?

कर्म का औचित्य सोचो फिर करो तुम-

कर गहो ईमान तब होगे गहोई।।
*

सफलता कब कहो किसकी हुई गोई?

श्रम करो तो रहेगी किस्मत न सोई.

रास होगी श्वास की जब आस के संग-

गहो ईक्षा संतुलित तब हो गहोई।।
*

कर्म माला जतन से क्या कभी पोई?

आस जाग्रत रख हताशा रखी सोई?

आपदा में धैर्य-संयम नहीं खोना-

गहो ईप्सा नियंत्रित तब हो गहोई।।
*

सफलता अभिमान कर कर सदा रोई.

विफलता की नष्ट की क्या कभी चोई..

प्रयासों को हुलासों की भेंट दी क्या?

गहो ईर्ष्या 'सलिल' मत तब हो गहोई।
*
(गोई = सखी, ईक्षा = दृष्टि, पोई = पिरोई / गूँथी,
ईप्सा = इच्छा,
​चोई = जलीय खरपतवार)



​



सोमवार, 9 दिसंबर 2013

mukatak salila: nari - sanjiv

मुक्तक सलिला:
नारी अबला हो या सबला, बला न उसको मानो रे
दो-दो मात्रा नर से भारी, नर से बेहतर जानो रे
जड़ हो बीज धरा निज रस से, सिंचन कर जीवन देती-
प्रगटे नारी से, नारी में हो विलीन तर-तारो रे
*
उषा दुपहरी संध्या रजनी जहाँ देखिए नारी है
शारद रमा शक्ति नारी ही नर नाहर पर भारी है
श्वास-आस मति-गति कविता की नारी ही चिंगारी हैं-
नर होता होता है लेकिन नारी तो अग्यारी है
*
​नेकी-बदी रूप नारी के, धूप-छाँव भी नारी है
​
​गति-यति पगडंडी मंज़िल में नारी की छवि न्यारी है​

​कृपा, क्षमा, ममता, करुणा, माया, काया या चैन बिना

जननी, बहिना, सखी, भार्या, भौजी, बिटिया प्यारी है
*​

facebook: sahiyta salila / sanjiv verma '

रविवार, 22 सितंबर 2013

muktak: betiyan -sanjiv

मुक्तक सलिला :
बेटियाँ
संजीव
*
आस हैं, अरमान हैं, वरदान हैं ये बेटियाँ
सच कहूँ माता-पिता की शान हैं ये बेटियाँ
पैर पूजो या कलेजे से लगाकर धन्य हो-
एक क्या दो-दो कुलों की आन हैं ये बेटियाँ
*
शोरगुल में कोकिला का गान हैं ये बेटियाँ
नदी की कलकल सुरीली तान हैं ये बेटियाँ
माँ, सुता, भगिनी, सखी, अर्धांगिनी बन साथ दें-
फूँक देतीं जान देकर जान भी ये बेटियाँ
*
मत कहो घर में महज मेहमान हैं ये बेटियाँ
यह न सोचो सत्य से अनजान हैं ये बेटियाँ
लेते हक लड़ के हैं लड़के,  फूँक भी देते 'सलिल'-
नर्मदा जल सी, गुणों की खान हैं ये बेटियाँ
*
ज़िन्दगी की बन्दगी, पहचान हैं ये बेटियाँ
लाज की चादर, हया का थान हैं ये बेटियाँ
चाहते तुमको मिले वरदान तो वर-दान दो
अब न कहना 'सलिल कन्या-दान हैं ये बेटियाँ
*
सभ्यता की फसल उर्वर, धान हैं ये बेटियाँ
महत्ता का, श्रेष्ठता का भान हैं ये बेटियाँ
धरा हैं पगतल की बेटे, बेटियाँ छत शीश की-
भेद मत करना, नहीं असमान हैं ये बेटियाँ
============================